भोपाल l कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार करने वाला और रोजगार सृजन को गति देने वाला बजट बताया है। उन्होंने कहा कि GYANII आधारित बजट संरचना में युवा शक्ति को केंद्र में रखकर कौशल उन्नयन, अप्रेंटिसशिप और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नेतृत्व में बजट आत्मनिर्भर, कुशल और सशक्त युवा शक्ति के माध्यम से समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण को नई गति देगा।

राज्यमंत्री श्री टेटवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी योजना के लिए 750 करोड़ रूपये पोलीटेक्निक संस्थाओं के लिए 295 करोड़ रु., स्वशासी तकनीकी संस्थाओं को सहायता के लिए 250 करोड़ रु. और ए.डी.वी. परियोजना (कौशल विकास) के लिए 110 करोड़ रूपये का प्रावधान युवाओं की तकनीकी क्षमता को मजबूत करेगा। मुख्यमंत्री कौशल अप्रेंटिसशिप योजना और सी. एम. युवा शक्ति योजना के लिए 100-100 करोड़ रूपये तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के लिए 95 करोड़ रूपये प्रावधान उद्योगों की आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इंजीनियरिंग महाविद्यालयों और शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं के लिए 70-70 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है।

राज्यमंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि बजट में अधोसंरचना विकास, औद्योगिक निवेश और पूंजीगत व्यय को बढ़ावा देकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत किया गया है। रोलिंग बजट व्यवस्था और बहुआयामी गरीबी सूचकांक आधारित दृष्टिकोण राज्य को परिणाम-आधारित विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।