मंडला l प्रेमपुर गांव में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया है। यहाँ खेरमाई माता मंदिर में मूर्ति स्थापना को लेकर आदिवासी और ओबीसी समुदाय आमने-सामने आ गया है। प्रशासन ने मंदिर के चारों भारी पुलिस बल तैनात किया है।  विवाद के सिलसिले में 7 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा अन्य शामिल लोगों के खिलाफ भी जांच जारी है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 141 के तहत कार्रवाई की जाएगी। आदिवासी समाज का दावा है कि वे पीढ़ियों से इस स्थान पर खेरमाई माता की पूजा अपनी पारंपरिक रीति-रिवाजों से करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष ओबीसी समुदाय ने इसी पवित्र स्थल पर नई मूर्ति की स्थापना कर दी है, जिससे उनकी धार्मिक परंपराओं और दावों को ठेस पहुँची है।

मूर्ति स्थापना की खबर मिलते ही गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इस मामले की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल पूरे गांव में पुलिस तैनात कर दिए है। फ़िलहाल किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस तैनात है। मंदिर परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है ताकि दोनों पक्षों के बीच किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को टाला जा सके ।