भाजपा से मुकाबला करने की बजाय खुद से ही लड़ रही कांग्रेस

खड़गे, प्रियंका, राहुल आये पर नहीं आई कांग्रेस प्रत्याशियों की सूची : उमाशंकर गुप्ता
पूर्व मंत्री ने कहा-गुटों में बंटी कांग्रेस में दिख रहा अंतर्कलह, अपने-अपने कोटे की सूची लेकर बैठे हैं कांग्रेस नेता
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी कोटा सिस्टम में उलझी होने के कारण प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं कर पा रही है। गुटों में बंटी कांग्रेस में अंतर्कलह स्पष्ट दिखाई दे रहा है। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच नहीं है। कांग्रेस तो अपने में ही उलझी हुई है। भाजपा को प्रदेश की जनता का पूरा आशीर्वाद मिल रहा है और आगे भी मिलेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के मध्यप्रदेश में दौरे हो चुके हैं, इसके बावजूद भी कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं कर सकी है। जिस तरह से कांग्रेस में गुटबाजी और अंतर्कलह देखी जा रही है, उससे तो यही लगता है कमलनाथ जी अपने कोटे से टिकट दिलाना चाहते हैं, दिग्विजय सिंह का अपना कोटा अलग तैयार करके बैठे हैं। जीतू पटवारी का अपना कोटा है और अजय सिंह राहुल का अलग अपना कोटा है। कांग्रेस के इस कोटा सिस्टम में किसका कोटा चलेगा और किसका कोटा, खोटा साबित होता है यह तो देखने वाली बात रहेगी। यह बात मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री और चुनाव व्यवस्था समिति के प्रमुख श्री उमाशंकर गुप्ता ने भाजपा मीडिया सेंटर में आयोजित पत्रकार-वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
चुनाव व्यवस्था समिति के प्रमुख श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस में इतना अधिक सिर फुटव्वल है कि 9 घंटे चलने वाली कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ जी तीन घंटे में ही बैठक से बाहर आ जाते हैं। जिस तरह से कांग्रेस की अंतर्कलह खुलकर सामने आ रही है, उससे तो यही लगता है कि अब कांग्रेस-भाजपा का मुकाबला करने की बजाय कांग्रेस से ही लड़ रही है।
*जन आक्रोश यात्रा में कांग्रेस के प्रति आक्रोश दिखाकर जनता ने संदेश दे दिया*
पूर्व मंत्री श्री गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई प्रदेश अध्यक्ष बनाम राष्ट्रीय अध्यक्ष के बीच है। सुरजेवाला - कमलनाथ के बीच है। राहुल गांधी-प्रियंका गांधी और कमलनाथ बनाम दिग्विजय सिंह के बीच है। कुल मिलाकर कांग्रेस पार्टी में सबकी अपनी ढपली अपना राग है। प्रदेश में निकाली गई कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा समाप्त हुई है। इस यात्रा से कांग्रेस ने जमीनी स्थिति को जान लिया है। यात्रा के दौरान होने वाली सभाओं में खाली कुर्सियां देखकर कांग्रेस नेता भी अब यह मानने लगे हैं कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस नहीं आ रही है, उसका कोई स्कोप नहीं है। जन आक्रोश यात्रा के दौरान प्रदेश भर में जनता ने कांग्रेस नेताओं के प्रति भारी आक्रोश दिखाकर स्पष्ट संदेश दे दिया है कि मध्यप्रदेश में वोट रोजगार यानी कमल के निशान पर डलेगा। कांग्रेस नेताओं को जन आक्रोश यात्रा में जिस तरह से आम जनता, अपने कार्यकर्ता, महिला, युवा, पिछड़े समाज के आक्रोश का सामना करना पड़ा है उससे उनका आत्मविश्वास भी पूरी तरह से डगमगा गया है। कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा पूरी तरह से फेल रही। जन आक्रोश यात्रा से जनता का विचार भांप लिया है, शायद यही कारण है कि कांग्रेस नेता कमलनाथ, विवेक तन्खा, सुरेश पचौरी एवं अरूण यादव सहित बड़े नेता विधानसभा चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
*प्रियंका गांधी भी भाई राहुल गांधी की तरह झूठ फैला रही हैं*
पूर्व मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने 5 अक्टूबर को धार जिले के मोहनखेड़ा में कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी द्वारा दिए गए बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रियंका गांधी भी अपने भाई राहुल गांधी की तरह झूठ फैला रही हैं। प्रियंका गांधी ने कहा था कि 18 साल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को अब मौका मिला है, पहले क्यों नहीं आए। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि कांग्रेस पार्टी के नेता जानकारी दुरूस्त रखें। कल मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 36वां दौरा था। अब तक श्री मोदी जी ने मध्यप्रदेश को एक लाख करोड़ की सौगात दे चुके हैं, जबकि यूपीए सरकार में प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह मात्र 7 बार मध्यप्रदेश आए थे और सिर्फ 14 हजार करोड़ रूपए ही दिए थे। फर्क साफ है कि मोदी के मन में मध्यप्रदेश है और कांग्रेस के मन में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण है। प्रियंका गांधी कह रही थीं कि इंदिरा गांधी महापुरूष थीं, अपनी दादी के बारे में कहते हुए भी प्रियंका जी की जुबान फिसल जाएगी, ऐसी उम्मीद नहीं है।
*महिला उत्पीड़न के आरोपी सिंघार को प्रियंका जी ने मंच से पुकारा*
पूर्व मंत्री श्री गुप्ता ने कहा कि प्रियंका गांधी के कार्यक्रम में कई कुर्सियों पर महिला शक्ति आरक्षित लिखा हुआ था, लेकिन वहां पुरूष भरे हुए थे यानि न मंच पर नारी और न पंडाल में नारी। महिला आरक्षण कानून (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर भी उन्होंने धार के मोहनखड़ा से झूठ फैलाया। राजस्थान पूरे देश में दुष्कर्म के मामले में नंबर वन है, जबकि प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश को महिला अत्याचार में आगे बताकर झूठ बोला है। कांग्रेस में महिला सम्मान और महिला सशक्तिकरण का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महिलाओं के उत्पीड़न के आरोपी उमंग सिंघार का नाम प्रियंका जी ने मंच से लिया। वहीं कांग्रेस की महिला विधायक कल्पना वर्मा के साथ उनकी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कृत्य के लिए उन्होंने माफी भी नहीं मांगी।
इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता श्री पंकज चतुर्वेदी, श्री नरेंद्र सलूजा, डॉ. दुर्गेश केसवानी एवं श्री मिलन भार्गव उपस्थित रहे।