भोपाल l परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में भगवान बिरसा मुंडा जी की 150 वीं जन्मजयंती मना रही है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा जी के योगदान और बलिदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने सभी से भगवान बिरसा मुंडा जी से प्रेरणा लेने की बात कही। भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावति, रानी लक्ष्मी बाई, सुभाष चंद्र बोस जैसे अनेक वीर नायक स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों से हमारा देश आजाद हुआ है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का यही सपना था कि देश आजाद हो और गौरवशाली, समृद्धशाली, विचारक, आर्थिक रूप से सशक्त और राष्ट्र की सर्वश्रेष्ठता प्राप्त करें, उसी दिशा में सरकार काम कर रही है। सरकार ने तेंदूपत्ता तोड़ने वालों की राशि में बढ़ोत्तरी की है। भगवान बिरसामुंडा जी ने जिस स्वतंत्रता और लोकतंत्र की कल्पना की थी, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में सशक्त लोकतंत्र इस देश में स्थापित हुआ है और इससे पूरी दुनिया में गौरव व सम्मान मिल रहा है।

      उक्ताशय के विचार मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने भगवान बिरसा मुण्डा जी की 150 वीं जन्मजयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस पर उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कही। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा जी का पूजन- अर्चन और दीप प्रज्जवलन कर किया। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजनाओं के तहत हितग्राहियों और लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितलाभों का वितरण किया। कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गुजरात में आयोजित हुए कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और जबलपुर में आयोजित हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संबोधन को सुना व देखा। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेंद्र ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, श्री नवीन अग्रवाल, श्रीमती निशा सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी, हितग्राही, गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी मौजूद थे।

      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दूरस्थ और वनग्राम बड़ागांव में स्वीकृत राशि के अलावा प्रधानमंत्री जन-मन योजनांतर्गत की राशि मिलाकर लगभग 42 करोड़ रुपये की राशि से सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा। सरकार पूरी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि सरकार विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए छात्रावास, भोजन, अनुदान राशि और विदेश में पढ़ने के लिए जाने वाले पात्र विद्यार्थियों की सहायता करने का काम कर रही है। सरकार ने विद्यार्थियों के लिए अनेक योजनाएं लागू की है। सरकार बच्चों की क्षमता विकसित करने, उन्हें रोजगार मुहैया कराने के लिए राशि उपलब्ध करा रही है और राशि पर सब्सि‍डी भी दे रही है। बच्चों की शिक्षा के लिए नि:शुल्क पाठ्य- पुस्तकें, गणवेश, छात्रवृत्ति और आने- जाने के लिए साईकिलें मुहैया करा रही है। हर बच्चा और हर व्यक्ति शिक्षित हो इस पर सरकार काम कर रही है। सरकार प्रयास कर रही है कि एक ऐसा छात्रावास बनाएंगे, जिसमें सभी वर्ग बच्चों को शामिल कर उन्हें सभी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें।

      कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कहा कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। सरकार द्वारा जनजातीय पखवाड़े का आयोजन किया गया। पखवाड़े के दौरान जिले में जनजातीय बाहुल्य ग्राम, पंचायतों आदि क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। स्कूलों में रंगोली, भाषण, चित्रकला आदि प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने सहभागिता दी। भगवान बिरसा मुंडा जी के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से जिले के विकासखंडों में प्रचार- प्रसार वाहन चलाया गया। पखवाड़े के दौरान जनजातीय हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ मिले और योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। इसी क्रम में दूरस्थ वन क्षेत्र ग्राम भिलमाढाना में 14 नवंबर को आदि जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं से वंचित ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाया गया।