उत्तरकाशी के धराली गांव में आज बादल फटने से खीरगंगा में भयंकर बाढ़ आ गई। धराली आपदा में अब तक चार लोगों की मौत हुई है और कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है। पानी के इस सैलाब में कई गांव के गांव प्रभावित हुए हैं। पानी अपनी ओर आता देख लोगों में चीख पुकार मच गई। कई होटलों,लाजो में पानी के साथ साथ  मलबा घुस गया है। धराली बाजार पूरी तरह तबाह हो गया है। तबाही के कई वीडियो सामने आए हैं, जिन्हें देखकर इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि यह आपदा कितनी बड़ी और विकराल है।  राहत एवं बचाव कार्यों के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित टीमें युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं।