मेरठ l होनहार बेटियों ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (यूपी पीसीएस) में शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया। मेरठ की मिट्टी में जन्मीं इन बेटियों की यह कहानी सिर्फ सफलता की दास्तान नहीं बल्कि हौसलों की वह उड़ान है जिसमें हर बाधा छोटी पड़ जाती है। यूपी पीसीएस के अंतिम परिणाम में हस्तिनापुर के इकवारा गांव की ज्योति धामा ने शानदार 19वीं रैंक हासिल की है। ज्योति के चयन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में जश्न का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। वह मंगलवार को अपने गांव पहुंचेंगी। ज्योति धामा की प्रारंभिक शिक्षा हस्तिनापुर के सरस्वती विद्या मंदिर से हुई। इसके बाद उन्होंने मवाना के एएसपीजी कॉलेज से बीएससी (गणित) की पढ़ाई पूरी की और डाइट छोटा मवाना से डीएलएड उत्तीर्ण किया।