चिड़िया चुग गई खेत की झांकी के साथ पहुंचे विधायक
भोपाल l विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस विधायक दल ने किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक और आक्रामक प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा परिसर में चिड़िया चुग गई खेत की सांकेतिक झांकी के साथ मार्च निकाला, जिसके माध्यम से उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की विफलताओं ने किसानों की मेहनत और फसल दोनों को चौपट कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि प्रदेश का किसान खाद से लेकर खरीदी के उचित मूल्य और प्राकृतिक आपदाओं के मुआवज़े तक हर स्तर पर परेशान है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता बार-बार सरकारी दफ्तरों में चक्कर काट रहा है, लेकिन सत्ता पक्ष केवल भावांतर और योजनाओं के खोखले दावे दोहराता रहा। सिंघार ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा नहीं कर पाई भाजपा सरकार रूपी चिड़िया किसानों के खेत पहले ही साफ कर चुकी है।



