छिंदवाडा़ l पुलिस ने परासिया नगरपालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर महिलाओं से छेड़छाड़ करने का आरोप है। इसके अलावा आईटी एक्ट के तहत भी उन पर मामला दर्ज किया गया है।

पूरा मामला चांदामेटा थाना इलाके का है। आरोपी विनोद मालवीय के खिलाफ महिलाओं से अभद्र व्यवहार और इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से आपत्तिजनक गतिविधियों से संबंधित शिकायत दर्ज की गई थी। प्राथमिक जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की गई। मामले में आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं के साथ अन्य धाराएं भी जोड़ी गई हैं। इस तरह के आरोप लगने के बाद भाजपा ने पहले ही विनोद मालवीय को छह वर्षों के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया था। मालवीय ने रविवार रात अपनी फेसबुक आईडी से एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उन्होंने अपने ऊपर लगातार लग रहे आरोपों से परेशान होकर पत्नी और बच्चों सहित आत्मदाह करने की बात कही थी। भाजपा ने जब उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया था उस समय यह चर्चा चल पड़ी थी की कुछ ना कुछ बड़ा होने वाला है और उसके पहले ही पार्टी ने विनोद मालवीय से अपना पल्ला झाड़ लिया है और वह चर्चा सच भी साबित हो गई l