हैदराबाद के मोइनाबाद स्थित एक फार्महाउस में चल रही हाई-प्रोफाइल पार्टी पर पुलिस की छापेमारी ने दक्षिण भारत की राजनीति में तूफान ला दिया है। इस मामले में तेलुगु देशम पार्टी के सांसद पुट्टा महेश कुमार और भारत राष्ट्र समिति के पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी सहित छह लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन के आरोप में हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए लोगों में से एक व्यक्ति ने पार्टी के दौरान रिवॉल्वर से हवा में कथित तौर पर तीन गोलियां भी  चलाईं। पार्टी में शामिल हुए 11 व्यक्तियों की ‘यूरीन ड्रग टेस्टिंग किट’ के जरिए मौके पर ही जांच की गई और उनमें से रोहित शेट्टी समेत पांच लोगों के मादक पदार्थ का सेवन करने की पुष्टि हुई है जबकि सांसद की जांच के परिणाम में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस पार्टी में रियल एस्टेट कारोबारियों, व्यवसायियों तथा राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों का एक समूह शामिल हुआ था। पार्टी में शामिल लोगों में एक महिला भी शामिल थी। पुलिस ने बताया कि हथियार को जब्त कर लिया गया है।