रायसेन। तपती गर्मी के बीच गौ सेवा और संवेदनशीलता की एक प्रेरक मिसाल सामने आ रही है। रायसेन जिला विकास समिति एवं बस एक कदम और सोशल वेलफेयर फाउंडेशन, ने गौ सेवा परमो धर्म के संकल्प के साथ नगर के सभी 18 वार्डों में गौ माता के लिए जल पात्र वितरण अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।

    इस पहल का उद्देश्य केवल जल उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और जिम्मेदारी की भावना को जगाना भी है। संस्था द्वारा मंगाए गए जल पात्रों को क्रमवार सभी वार्डों में वितरित किया जाएगा, ताकि भीषण गर्मी में कोई भी गौ माता प्यास से व्याकुल न रहे।
    विशेष बात यह है कि समिति द्वारा इस पुनीत कार्य की जिम्मेदारी परिवार की मुखिया माताओं, बहनों और बच्चों को सौंपी जा रही है। इसके पीछे एक सुंदर सोच है, संस्कार घर से शुरू होते हैं। जब घर की मातृशक्ति और नई पीढ़ी इस सेवा से जुड़ेगी, तो करुणा, दया और जीवों के प्रति सम्मान की भावना स्वाभाविक रूप से समाज में पनपेगी।
यह प्रयास बच्चों में संवेदनशीलता का बीज बोने का भी माध्यम बनेगा, जिससे वे प्रकृति और जीव-जंतुओं के प्रति अपने कर्तव्यों को समझ सकें। वहीं माताएं और बहनें इस सेवा को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर परिवार में परोपकार की परंपरा को आगे बढ़ाएंगी।
समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान को केवल एक कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, घर के बाहर रखा एक छोटा सा जल पात्र, गौ माता के लिए अमृत समान हो सकता है।
समिति की यह पहल संदेश देती है कि जब सेवा में पूरा समाज, विशेषकर परिवार की मातृशक्ति और नई पीढ़ी जुड़ जाती है, तब हर वार्ड, हर गली एक संवेदनशील और जागरूक समाज का उदाहरण बन जाती है।