बेशर्मी के साथ यह लोग घुसपैठियों के लिए नारे लगा रहे हैं : प्रधानमंत्री मोदी
बिहार की ये प्रगति कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है। जिन लोगों ने दशकों तक बिहार का शोषण किया, इस मिट्टी को धोखा दिया, आज वो ये मानने को तैयार ही नहीं कि बिहार भी नए कीर्तिमान बना सकता है। आज मेड इन बिहार रेल इंजन एक्सपोर्ट होकर अफ्रीका तक जा रहा है। लेकिन ये सब कांग्रेस और राजद वालों को पच नहीं रहा है। बिहार जब भी आगे बढ़ता है, ये लोग बिहार का अपमान करने में जुट जाते हैं। उन्होंने कहा कि अभी आपने देखा होगा कि राजद की सहयोगी कांग्रेस पार्टी सोशल मीडिया पर बिहार की तुलना बीड़ी से कर रही है। इन लोगों को बिहार से इतनी नफरत है। इन लोगों ने घोटाले और भ्रष्टाचार करके बिहार की साख को बहुत नुकसान पहुंचाया।
बिहार को विकास करते देखकर, कांग्रेस और राजद ने फिर बिहार को बदनाम करने की ठान ली है। ऐसी मानसिकता वाले लोग कभी बिहार का भला नहीं कर सकते। जिन लोगों को अपनी तिजोरी भरने की चिंता रही हो, वो गरीब के घर की चिंता क्यों करें? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक प्रधानमंत्री ने माना था कि कांग्रेस सरकार 100 पैसा भेजती है, तो 85 पैसा बीच में ही लूट जाता है। कांग्रेस-राजद की सरकार में सीधे गरीब के खाते में पैसे नहीं आ पाते थे। लालटेन जलाकर वो पंजा उस पैसे पर हाथ मारता था और 85 पैसे मार लेता था।
अपना हमला जारी रखते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस और RJD से न केवल बिहार के सम्मान को खतरा है, बल्कि बिहार की पहचान को भी खतरा है। आज सीमांचल और पूर्वी भारत में घुसपैठियों के कारण डेमोग्राफी का कितना बड़ा संकट खड़ा हो चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार, बंगाल, असम जैसे कई राज्यों के लोग अपनी बहन-बेटियों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। इसलिए मैंने लाल किले से डेमोग्राफी मिशन की घोषणा की है। लेकिन, वोटबैंक का स्वार्थ देखिए, कांग्रेस-RJD और उनके इकोसिस्टम के लोग घुसपैठियों की वकालत करने में जुटे हैं, उन्हें बचाने में लगे हैं। और बेशर्मी के साथ ये लोग विदेश से आए घुसपैठियों के लिए नारे लगा रहे हैं, यात्राएं निकाल रहे हैं।



