राजगढ़। मध्य प्रदेश पुलिस यूं तो कानून व्यवस्था संभालती ही है, लेकिन कई बार इस पुलिस का संवेदनशीलता का ऐसा चेहरा सामने आता है जो लोगों का दिल जीत लेता है। एक ऐसा ही चेहरा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कार्यक्रम में राजगढ़ में नजर आया। राजगढ़ जिले के ब्यावरा में उस समय एक भावनात्मक दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री मोहन यादव किसानों को राहत राशि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच इंसानियत और संवेदना की एक सुंदर तस्वीर तब सामने आई जब पुलिस निरीक्षक भागीरथ शाक्य (पुलिस लाइन, राजगढ़) ने मानवता की मिसाल पेश की। कार्यक्रम में पहुंचे एक विकलांग व्यक्ति को जब बैठने में परेशानी हुई, तो निरीक्षक भागीरथ शाक्य ने बिना किसी झिझक या दिखावे के उस व्यक्ति को गोद में उठाकर पंडाल की कुर्सी पर बैठाया। यह दृश्य देख वहां मौजूद लोगों की आंखें में उत्साह नजर आया, हर किसी ने इस मानवीय व्यवहार की सराहना की। लोगों ने कहा कि आज के समय में जब अक्सर पुलिस के सख्त रवैये की बातें होती हैं, वहीं निरीक्षक भागीरथ शाक्य का यह कदम यह साबित करता है कि वर्दी के पीछे एक संवेदनशील दिल भी धड़कता है। यह घटना न केवल राजगढ़ पुलिस के लिए गर्व का विषय है, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा भी है कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है। मुख्यमंत्री के किसान राहत कार्यक्रम के दौरान यह छोटा-सा पर भावनात्मक क्षण लोगों के दिलों में लंबे समय तक याद रहेगा। निरीक्षक भागीरथ शाक्य ने यह संदेश दिया कि "सेवा का अर्थ सिर्फ कर्तव्य निभाना नहीं, बल्कि मानवता के प्रति सम्मान जताना भी है।"