सतना l नई बस्ती क्षेत्र में नशे में धुत दबंगों द्वारा जमकर उपद्रव किया जा रहा था इसकी सूचना मिलने पर कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में एएसआई उमेश पांडेय, आरक्षक विपिन सिंह, विवेक पांडेय, रजनीश साकेत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। बताया गया कि जैसे ही पुलिस वाहन से उतरकर उपद्रव कर रहे लोगों को समझाने आगे बढ़ी, वैसे ही दर्जनभर से अधिक नशे में धुत आरोपियों ने अचानक पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। हालात इतने बेकाबू हो गए कि पुलिसकर्मियों की जान पर बन आई और उन्हें उल्टे पांव मौके से हटकर अपनी जान बचानी पड़ी।कोलगवां थाना पुलिस ने मामले में 11 नामजद आरोपियों और 8 अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश लगातार जारी है।पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों का पथराव की घटनास्थल से जुलूस निकाला। इस दौरान आरोपी “गलती हो गई सर” कहते हुए हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। पुलिस का यह कदम क्षेत्र में सख्त संदेश देने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से उठाया गया।