भोपाल l दिनांक 25 अक्टूबर, 2025 की रात्रि लगभग 07.45 बजे वीडियोकोच बस पिछोर से ईसागढ़ होते हुए इंदौर जा रही थी, जिसमें लगभग 40-45 यात्री सवार थे। ईसागढ़ के पास बस के आगे इंजन के पास आग लगना प्रारंभ हुई तो तत्काल बस में सवार प्रधान आरक्षक 323 अरविन्द रघुवंशी, थाना कदवाया जिला अशोकनगर ने बस के क्लीनर के साथ मिलकर बस का कांच तोड़कर स्वंय बाहर निकला और बस में सवार अन्य यात्रियों को तत्परतापूर्वक बाहर निकाला तथा अन्त में बस में पीछे जाकर यह सुनिश्चित किया कि बस में कोई अन्य यात्री शेष नहीं है। प्रधान आरक्षक की तत्परता, बुद्धिमत्ता एवं बहादुरीपूर्ण कार्यवाही से बस में सवार सभी यात्रियों की जान बच सकी तथा घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा यात्रियों के जल जाने की पूर्ण आशंका थी। आग लगने से सम्पूर्ण बस बाद में पूरी तरह से जल गई।

उपरोक्त सराहनीय कार्य करने पर उत्साहवर्धन हेतु डीजीपी कैलाश मकवाना ने  प्रधान आरक्षक 323 अरविन्द रघुवंशी थाना कदवाया जिला अशोकनगर को रू. 10,000/- (दस हजार रूपये) नगद राशि से  पुरस्कृत किया है।