सागर l मोतीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर कृषि उपज मंडी के पास गल्ला व्यापारी के मुनीम से 14 लाख रुपए से अधिक की नकद लूट की वारदात सामने आई है। चार बदमाशों ने मुनीम की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंका और डंडों से हमला कर रुपयों से भरा बैग छीन लिया।यह घटना गल्ला व्यापारी पंकज केशरवानी की दुकान 'पंकज ट्रेडर्स' के मुनीम सुधीर दीक्षित के साथ हुई। मुनीम, बैंक से नकदी निकालकर मंडी लौट रहे थे। मंडी से कुछ ही दूरी पर बाइक और ऑटो सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने तुरंत सुधीर दीक्षित की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उन्हें अस्थाई रूप से अंधा कर दिया और फिर उन पर डंडे से हमला किया। इसी दौरान बदमाश नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। भाग रहे चार आरोपियों में से एक बदमाश को उसकी बाइक सहित मौके पर ही पकड़ लिया गया।