भोपाल में आज माली–सैनी–मरार समाज एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण परिषद के संयुक्त तत्वावधान में क्रांति सूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले की 135वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन महात्मा फुले चौराहा (7 नंबर बस स्टॉप) पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में समाज-जन उपस्थित हुए।

समारोह की शुरुआत समाज के अध्यक्ष जी.पी. माली (अपर कलेक्टर, सेवानिवृत्त) द्वारा महात्मा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि से हुई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा फुले ने शिक्षा, समानता और समाज सुधार की ज्योति प्रज्ज्वलित की थी, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी का कर्तव्य है। जी.पी. माली ने समाज के युवाओं को फुले के संघर्ष, महिला शिक्षा के लिए उनके आंदोलन और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए किए गए योगदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी राजेंद्र अंबाडकर ने सभी उपस्थित समाजबंधुओं को महात्मा फुले की प्रार्थना और समाज सेवा के संकल्प की शपथ दिलवाई। संगठन के महासचिव दिनेश कुमार सैनी(विधानसभा)ने कहा कि समाज को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास, शिक्षा का प्रसार और सामाजिक एकता अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर हरि सिंह सैनी, दिनेश कुमार सैनी, कृष्ण गोपाल कश्यप, सुखदेव कश्यप, सुनील महाजन, विट्ठल राव मरघड़े (माली), जगदीश सोलंकी, प्रकाश मालवीय, पिकप संगठन मंत्री सीएस यादव, प्रो. आर.जी. चौकसे, राम विश्वास कुशवाहा, सुशील घातोड़, मधु अंबाडकर, वीरेंद्र सैनी, अनिल सैनी सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य संदेश,महात्मा फुले के विचारों पर चलते हुए समाज में शिक्षा, समानता और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देना।