आदर्श के जीवन में आया नया उजाला ,अब हुई राह आसान
सीधी l अंतर्राष्ट्रीय साइन लैंग्वेज दिवस पर जिला मुख्यालय मानस भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत ग्राम झुमरिया निवासी दिव्यांग आदर्श मिश्रा को सांसद निधि से स्कूटी निःशुल्क प्रदान की गई। स्कूटी मिलने पर आदर्श मिश्रा बेहद प्रसन्न नजर आए।
आदर्श मिश्रा ने बताया कि वे बीकॉम तृतीय वर्ष के छात्र हैं। कॉलेज आने-जाने में उन्हें गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अक्सर उनके परिजनों को उन्हें कॉलेज छोड़ने और छुट्टी तक इंतजार करने के लिए मजबूर होना पड़ता था। कई बार वाहन न मिलने के कारण वे कॉलेज भी नहीं जा पाते थे। घर की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्कूटी खरीदना संभव नहीं था।
उन्होंने कहा कि समस्या से अवगत कराने पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने उनके आवेदन को गंभीरता से लिया और शीघ्र कार्यवाही करते हुए मात्र एक सप्ताह में स्कूटी उपलब्ध कराई। स्कूटी मिलने से अब वे अपने कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहेंगे और आत्मनिर्भर बनकर सुगमतापूर्वक आ-जा सकेंगे।
आदर्श मिश्रा ने स्कूटी उपलब्ध कराने के लिए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।



