बैतूल l दामजीपुरा में रविवार रात जब आरोपी अब्बू खान ने कथित तौर पर गाय के साथ गलत कृत्य किया , जिसका सुबह वीडियो वायरल होने के बाद राष्ट्रीय हिंदू सेना और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता दामजीपुरा में एकत्र हुए और विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया था, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने उग्र व्यवहार करते हुए विशेष समुदाय के व्यापारियों के कुछ प्रतिष्ठानों और दुकानों को आग के हवाले कर दिया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घटना से गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ और आगजनी शुरू कर दी थी, जिसमें करीब 7-8 दुकानें प्रभावित हुई हैं। वहीं, भाजपा विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और महाराष्ट्र सीमा से सटे होने के कारण इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।