बालाघाट जिले के बैहर में मंगलवार को समनापुर चौक पर एक युवक ने बीच बाजार में युवती का गला रेतकर हत्या कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी चाकू से लगातार वार करता नजर आ रहा है। मौके पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने आरोपी को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई, वारदात चौक जैसे भीड़-भाड़ वाले इलाके में हुई, लेकिन लोग चुपचाप तमाशबीन बने रहे। कई लोगों ने घटना को मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया पर युवती को बचाने आगे नहीं आए। घटना का वीडियो वायरल होते ही लोगों में आक्रोश और तीखी प्रतिक्रिया शुरू हो गई है। मृतका की पहचान रितु भंडारकर (निवासी समनापुर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रितु और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और विवाद से जुड़ा सामने आया है। मृतका  के परिजनों और ग्रामीणों ने घटना के बाद कड़ा विरोध जताया। एहतियात के रूप में पुलिस ने समनापुर चौक और आसपास के क्षेत्रों में बल तैनात कर दिया है l