भोपाल l सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री, श्री चेतन्य कुमार काश्यप ने आज विधानसभा में वर्ष 2026-27 के लिए वित्त मंत्री द्वारा पेश बजट को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत बनाने और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकसित मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट ज्ञानी (GYANII) गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी, इण्डस्ट्री और इन्फ्रास्ट्रक्चर के मार्गदर्शी सिद्धांतों पर आधारित है। इसमें 1 लाख करोड़ से अधिक के पूंजीगत व्यय के प्रस्ताव प्रदेश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होने का प्रमाण है। प्रदेश में, देश एवं विदेश से निवेश आकर्षित करने और औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए समुचित वित्तीय प्रावधान किए गए है। इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव, इंटरैक्टिव सेशन और ग्लोबल समिट के आयोजन से सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ। विभिन्न क्षेत्रों में 33 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें से 8 लाख 63 हजार करोड़ के कार्य प्रारंभ हो चुके हैं। मध्यप्रदेश में नई एम.एस.एम.ई. और उद्योग संवर्धन नीति बनाई गई, जो नए उद्योगों को आकर्षित करने में सहायक हो रही है। प्रदेश के सभी क्षेत्रों में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक पार्कों का विकास किया जा रहा है। वर्तमान में 19 हजार 300 एकड़ भूमि पर 48 औद्योगिक पार्क विकसित करने के कार्य जारी है।