मुख्यमंत्री, मंत्री के खिलाफ अदालत में दर्ज करा सकते हैं मुकदमा
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार कर्नाटक के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री प्रियंक खरगे के खिलाफ मामला दर्ज करने पर विचार कर रही है, क्योंकि उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि पूर्वोत्तर राज्य में सेमीकंडक्टर इकाई जैसे बड़े उद्योग स्थापित करने के लिए कोई प्रतिभा नहीं है।
शर्मा ने कर्नाटक के मंत्री के ‘‘आपत्तिजनक बयान’’ की निंदा नहीं करने के लिए विपक्षी कांग्रेस की भी आलोचना करते हुए कहा, ‘‘प्रियंक खरगे अव्वल दर्जे के मूर्ख हैं। उन्होंने असमिया युवाओं का अपमान किया है और कांग्रेस ने अभी तक प्रियंक खरगे की निंदा नहीं की है।’’
खरगे ने कथित तौर पर एक समाचार चैनल से कहा था कि कर्नाटक में किये जाने वाले निवेश को केंद्र के ‘दबाव’ के बाद गुजरात और असम ले जाया जा रहा है।



