अनूपपुर l वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने कहा है कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान से जन-जन को पर्यावरण संरक्षण से जुड़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पेड़ अवश्य रोपे। प्रभारी मंत्री श्री अहिरवार ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महिलाओं के मान-सम्मान को बढ़ाने के लिए सतत प्रयासरत हैं। 17 सितम्बर प्रदेश एवं देश के लिए ऐतिहासिक रहा, जब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता प्रदर्शित करते हुए "स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान" का शुभारंभ किया। प्रभारी मंत्री श्री अहिरवार गुरुवार को। जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के सभागार में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

प्रभारी मंत्री श्री अहिरवार ने स्वस्थ नारी सशक्त अभियान के अंतर्गत सभी माताओं एवं बहनों को स्वास्थ्य शिविरों में जाकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराने हेतु प्रेरित किया। ‌उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वह ऐतिहासिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं, जो कभी कल्पना मात्र लगती थीं। जिस भारत की प्रगति को दुनिया असंभव मानती थी, वह प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व ने ‘मोदी है तो मुमकिन है’ की प्रतिबद्धता ने कर दिखाई। देश की बुनियादी सुविधाओं से लेकर बड़ी से बड़ी दुविधाओं का हल उन्होंने निकाला है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और नेतृत्व ने भारत की काया पलट दी है।

प्रभारी मंत्री ने किया पौधारोपण -प्रभारी मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के प्रांगण में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माँ के नाम एक पेड़ अवश्य रोपे, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का संदेश समाज में प्रसारित हो सके। इस अवसर पर पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मिथलेश सिंह, पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत पूर्व अध्यक्ष श्री हीरा सिंह मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी पुष्पराजगढ़ श्री वसीम अहमद भट्ट, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पुष्पराजगढ़ श्री नवीन तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।