सीधी l  कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीधी जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है, जिसने कई परिवारों को अपूरणीय क्षति पहुंचाई है।

राज्यमंत्री श्री जायसवाल ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोकाकुल परिवारों को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।

पीड़ित परिवारों के लिए सहायता

दुर्घटना में मृतक आदित्य प्रसाद जायसवाल (गीता) के निकटतम वारिस को कर्मकार पंजीयन के तहत चार लाख रुपए अनुग्रह सहायता एवं 6 हजार रुपए अंत्येष्टि सहायता, मृतक राजकुमार जायसवाल (प्रिंस) के निकटतम वारिस को कर्मकार पंजीयन के तहत चार लाख रुपए अनुग्रह सहायता एवं 6 हजार रुपए अंत्येष्टि सहायता तथा मृतक धर्मेंद्र जायसवाल के निकटतम वारिस को पिता का कर्मकार पंजीयन होने से 6 हजार रुपए अंत्येष्टि सहायता स्वीकृत की गई है।

प्रभारी मंत्री द्वारा जिला रेडक्रॉस सोसायटी से मृतकों के परिजनों को ₹25,000 तथा घायलों को ₹10,000 की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पीड़ित परिवारों की हर संभव सहायता की जाएगी तथा अन्य शासकीय योजनाओं के अंतर्गत परीक्षण कर पात्रतानुसार लाभान्वित करने की कार्यवाही की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएँ और उनके उपचार में किसी प्रकार की कमी न आने पाए। उनके साथ सांसद डॉ.राजेश मिश्रा, विधायक श्री सिहावल विश्वामित्र पाठक, श्री देव कुमार सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्री प्रदीप शुक्ला, पार्षद पूनम सोनी सहित उपस्थित जनों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया।

उल्लेखनीय है कि 18 सितम्बर 2025 की सायं लगभग 7 बजे तहसील बहरी के ग्राम केशवाही के समीप बोलेरो और ट्रक की टक्कर में 03 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 03 व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को प्राथमिक उपचार जिला चिकित्सालय सीधी में उपलब्ध कराने के बाद उन्नत उपचार के लिए संजय गांधी चिकित्सालय रीवा रेफर किया गया था,जिसमें से एक व्यक्ति की रीवा में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है।  इस दौरान अपर कलेक्टर श्री बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।