बहन, बेटियां स्वस्थ रहेंगी तो परिवार, प्रदेश और देश समृद्ध होगा- राज्य मंत्री श्री जायसवाल
अनूपपुर । मध्य प्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश का निरंतर विकास हो रहा है और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। जब हमारी माताएं और बहनें स्वस्थ रहेंगी तो निश्चित ही परिवार, समाज, प्रदेश और देश समृद्ध होगा। राष्ट्र के निर्माण में हमारी माताओं और बहनों का महत्वपूर्ण योगदान है, इसलिए हमारी सरकार द्वारा उन्हें स्वस्थ और सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल शुक्रवार को कोतमा में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि हमारी सरकार द्वारा "स्वस्थ नारी सशक्त परिवार" अभियान चलाया जा रहा है। घर में मां ठीक रहे, तो पूरा घर ठीक रहता है। मां बीमार हो जाए, तो पूरे परिवार की व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। इसीलिए 'स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार' अभियान माताओं बहनों के उज्ज्वल भविष्य को समर्पित है। हमारी कोशिश है कि एक भी महिला गंभीर बीमारी का शिकार न हो। कई बीमारियों की जांच नहीं होने पर जान का खतरा हो जाता है और इन्हें शुरुआती दौर में पहचानना जरूरी है। उन्होंने सभी माता एवं बहनों से अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाने हेतु अपील भी की।
राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने आयोजित शिविर का निरीक्षण किया तथा वहां जांच कराने आई महिलाओं से उनके स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की। शिविर में लगभग 752 माता एवं बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष कोतमा, नगर पालिका अध्यक्ष कोतमा श्री अजय सराफ, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री के के सोनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री अजीत तिर्की, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर आरके वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।



