राज्यमंत्री श्री दिलीप जायसवाल कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री द्वारा दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ
अनूपपुर। मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस से प्रारंभ होकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री स्व श्री लाल बहादुर शास्त्री के जयंती तक आयोजित सेवा पखवाड़ा में विभिन्न शासकीय विभागों ने बड़ी तन्मयता के साथ कार्य किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से महिला स्वास्थ्य की दिशा में भी बेहतर कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाएं जिन स्वास्थ्य समस्याओं को बताने में असहज महसूस करती है, आगे जाकर उनकी समस्या गंभीर बीमारी में परिवर्तित हो जाती है। इन्ही समस्याओं के निदान हेतु प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले में ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान अंतर्गत महिलाओं का शिविरों के माध्यम से किया गया स्वास्थ्य जांच का कार्य सराहनीय है। मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल आज एकलव्य आवासीय विद्यालय अनूपपुर के ऑडोटोरियम में सेवा पखवाड़ा के समापन अवसर पर जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि शासन की मंशा के भाव को अंगीकृत करते हुए समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पात्रता अनुसार हितग्राहीमूलक योजना का लाभ प्रदान करने की दिशा में भी कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि आजादी के जब 100 वर्ष पूर्ण होंगे तो वर्ष 2047 तक भारत को विकसित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। देश विकसित और विश्व गुरू बने, इसके लिए स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग अधिक से अधिक करने की अपील नागरिकों से की। उन्होंने कहा कि दीपावली पर्व पर पटाखे, प्रकाश सामग्री के साथ ही मिट्टी के दिये आदि स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करें। इस छोटे से योगदान से एक गरीब परिवार को लाभ मिलेगा तथा देश के विकास को गति प्राप्त होगी।
स्वच्छता विशेष अभियान में सभी अधिकारी करें सहभागिता-कलेक्टर
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा कि राज्य शासन के निर्देश पर स्वच्छता को संस्थागत रूप देने एवं शासकीय कार्यालयों में लंबित प्रकरणों के निराकरण हेतु विशेष अभियान 02 अक्टूबर से 31 अक्टूबर के मध्य चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबित प्रकरण, फाईलों और अपीलों का त्वरित व पारदर्शी निपटारा, कार्यालयों में स्वच्छता, कचरा निस्तारण तथा कर्मचारियों व अधिकारियों में सेवा भाव एवं जवाबदेही को सुदृढ़ करना है। जिससे योजना और सेवाओं की सुगम व पारदर्शी प्रक्रिया से लाभान्वितों की संख्या में वृद्धि हो सके तथा प्रशासन के प्रति आमजन में भरोसा कायम रहे।
मंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने सभी उपस्थित नागरिकों को नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से ‘‘दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान’’ तथा ‘‘मद्य निषेध अभियान’’ एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा अंतर्गत ‘‘मेरी पॉलिसी, मेरे हाथ’’ अभियान का शुभारंभ किया गया।
राज्यमंत्री, राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष और कलेक्टर ने कार्यक्रम का किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मध्य प्रदेश शासन के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल, राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली, अपर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार पाण्डेय, एसडीएम अनूपपुर श्री कमलेश पुरी ने मां सरस्वती, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व पुष्पार्पण कर किया।
सेवा पखवाड़े के अंतर्गत किए गए कार्यों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में सेवा पखवाड़े अंतर्गत सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुश्री सरिता नायक ने आदि कर्मयोगी अभियान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. वर्मा ने ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ अभियान, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री विनोद परस्ते ने राष्ट्रीय पोषण अभियान अंतर्गत पोषण माह के तहत आयोजित कार्यक्रम में किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी तथा मेरी पॉलिसी मेरे हाथ फसल बीमा तथा भावांतर योजना के संबंध में कृषि विभाग की उपसंचालक श्रीमती निशा सिन्हा ने तथा ग्राम पंचायत विकास कार्य योजना (जीपीडीपी) व मध निषेध सप्ताह के शुभारंभ गतिविधि के संबंध में सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक श्री के के सोनी ने तथा दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के संबंध में पशुपालन विभाग के सहायक संचालक डॉ योगेश दीक्षित ने जानकारी प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों की लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला पंचायत के मीडिया अधिकारी श्री अमित श्रीवास्तव ने किया।
सेवा पखवाड़े में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
मध्यप्रदेश शासन के कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल, राज्य कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल, कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगरपालिका अनूपपुर के सफाई कर्मचारी श्री संतोष, माला, श्री जयकरण, श्री बृजेन्द्र मोगरे तथा श्री सुनील राने को प्रशस्ति पत्र देकर शहर को साफ एवं स्वच्छ रखने की दिशा में बेहतर कार्य करने हेतु सम्मानित किया। इसी प्रकार सेवा पखवाड़े के तहत राष्ट्रीय पोषण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती दयमंती सिंह तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती ललिता राठौर, श्रीमती ममता ध्यानी, श्रीमती रुकसार परवीन, श्रीमती सरोज मिश्रा, श्रीमती श्यामकली राठौर, श्रीमती माला नापित, श्रीमती प्रेमलता गुप्ता, श्रीमती निकिता राय, श्रीमती निर्मला श्रीवास्तव, श्रीमती मीना प्रजापति, श्रीमती मधु श्रीवास्तव, श्रीमती रीता केवट, श्रीमती संतोषी मिश्रा एवं कुष्ठ रोग सलाहकार डॉ. शिवेन्द्र द्विवेदी को सम्मानित किया गया। सेवा पखवाड़ा के तहत आदि कर्मयोगी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय उच्चतर माध्यमिक कन्या विद्यालय बेनीबारी के प्राचार्य श्री प्रदीप कुमार चौकसे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सकरा के प्राचार्य श्री आर. पी. सोनी, शासकीय प्राथमिक विद्यालय रेउला के प्राथमिक शिक्षक श्री अर्जुन विश्वकर्मा, प्राथमिक विद्यालय मनमारी के प्राथमिक शिक्षक श्री भूधर प्रसाद शर्मा तथा डाटा इन्ट्री ऑपरेटर श्री शिवप्रसाद बैगा को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री फसल बीमा अंतर्गत ‘‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान’’ के तहत श्री जहीरूद्दीन, श्री परमानंद पटेल, रामबाई पटेल, श्री बैशाखू कोल तथा श्री रामप्रसाद कोल को बीमा पालिसी प्रदाय की गई।
कार्यक्रम में शासकीय सेवक, बड़ी संख्या में आमजन, विद्यार्थियों, प्रिन्ट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार, जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता निभाई।



