ग्वालियर जिले में बे मौसम एवं ओलावृष्टि से प्रभावित हुई फसलों के सर्वेक्षण का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने मंगलवार को विकास खण्ड घाटीगांव के ग्राम बडका गांव में पहुंचकर फसल सर्वेक्षण कार्य का जायजा लिया। इस अवसर पर उन्होंने निर्देश दिए कि फसल सर्वे की सूची संबंधित ग्राम पंचायत में अनिवार्यत: चस्पा की जाए। साथ ही किसानों की आपत्तियों का निराकरण करने के बाद पूरी पारदर्शिता के साथ सर्वे सूची को अंतिम रूप दें। 

 

कलेक्टर श्री सिंह ने इस दौरान कहा कि समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन के लिए राज्य शासन द्वारा 22 से 24 मार्च तक पंजीयन पोर्टल खोलने का निर्णय लिया है। बेमौसम बारिस के मद्देनजर किसानों के हित में लिए गए इस निर्णय की जानकारी गांव-गांव में दी जाए। उन्होंने भ्रमण के दौरान फसल सर्वे का काम देखा। 

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने कहा कि जहां जिन किसानों का भी नुकसान हुआ है उनका आकलन कर उन्हें राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत राहत मुहैया कराई जाएगी। 

 

कलेक्टर श्री सिंह ने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री अनिल बनवारिया को निर्देशित किया कि फसल हानि के साथ-साथ पशु हानि एवं मकानों को हुए नुकसान का भी सर्वेक्षण अवश्य किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन किसानों ने फसल काट कर रखी है उस फसल की भी वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराकर सर्वेक्षण में शामिल किया जाए। 

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण के दौरान किसान भाईयों से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक प्रकोप के कारण जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है उन्हें सर्वेक्षण के उपरांत नियमानुसार सहायता राशि भी उपलब्ध कराई जायेगी। इसके साथ ही जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है उन्हें बीमे की राशि भी उपलब्ध कराई जायेगी। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बीमा कंपनी के सतत सम्पर्क में रहकर ओला प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।  

कलेक्टर श्री सिंह ने ओला प्रभावित गांवों के भ्रमण के दौरान खेत-खेत पहुँचकर फसलों को हुए नुकसान का अवलोकन किया। साथ ही कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे किसान भाईयों को आवश्यक सलाह देते रहें।