सतना l भारत सरकार द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान का संचालन 29 मई 2025 से 12 जून 2025 तक जिले में विभिन्न विकासखंडों में किया जा रहा है। जिसके तहत किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी तथा उन्नत फसलों के उत्पादन से लाभ लेने और कृषि से संबंधित समस्याओं के निदान के लिए जानकारी दी जा रही है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस शुक्रवार को विकासखण्ड मझगवां के ग्राम पंचायत हिरौंदी पहुंचकर विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत आयोजित किसानों की संगोष्ठी में शामिल हुए। उन्होंने किसानों का मार्गदर्शन करते हुए खरीफ फसल की तैयारी के संबंध में जानकारी दी। कलेक्टर ने खेतों में जाकर ड्रोन प्रदर्शन भी देखा। इसके बाद कलेक्टर ने एफपीओ और स्व-सहायता समूह द्वारा की जा रही कृषि गतिविधियों का अवलोकन किया तथा एक पेड मां के नाम अभियान के तहत पौध रोपण भी किया। इस अवसर पर कृषि और उद्यानिकी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। विकसित कृषि संकल्प अभियान 2025 एवं जलगंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा विकासखण्ड मझगवां के ग्राम पंचायत हिरौंदी में सहभागिता कर कृषकों को ज्यादा से ज्यादा वृक्षारोपण एवं जल संरचनायें तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया एवं शासन स्तर से शत-प्रतिशत सहयोग देने का आश्वासन दिया गया। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत हिरौंदी के प्रगतिशील कृषक दीपक जायसवाल द्वारा जैविक खेती पर किये जा रहे प्रकल्पों का अवलोकन किया। कलेक्टर सतना द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नवीन कुमार शर्मा, डॉ. अजय चौरसिया एवं हेमराज द्विवेदी के द्वारा भी कृषकों को समसामयिक सलाह दी गई। उप संचालक कृषि मनोज कश्यप ने बताया कि विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत सोहावल विकासखण्ड के डांडी टोला, मेदनीपुर, कुशियरा, विकासखण्ड रामपुर बाघेलान के बूंद, डेंगरहट, सगौनी, विकासखण्ड मझगवां के मचखडा, नयागांव, खुटहा, विकासखण्ड नागौद के पिपरी, महतैन, उमरहट ग्राम पंचायत, विकासखण्ड उचेहरा के श्यामनगर, सेमरी, जाखी ग्राम पंचायत, विकासखण्ड अमरपाटन के सरबका, धौरहरा, मौहट, विकासखण्ड मैहर के दुवेही, कंचनपुर, करौंदी उपाध्याय, विकासखण्ड रामनगर के गंगासागर, कर्रा, गोविन्दपुर ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 26 जनप्रतिनिधि एवं कुल 2387 कृषक उपस्थित रहे। कृषकों से मृदा उपचार, बीज उपचार, उन्नत किस्मों, उद्यानिकी की उन्नत किस्में, मिट्टी परीक्षण, उन्नत कृषि तकनीकी, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती, जैविक खेती नैनो यूरिया, संतुलित खाद का उपयोग पर चर्चा की गई। अभियान के तहत किसानों की समस्याओं और उनके निराकरण से संबंधित जानकारी दी गई तथा विकासखण्ड मझगवां अंतर्गत ग्राम पंचायत हिरौंदी में ड्रोन का प्रदर्शन किया गया।