कलेक्टर श्री सिंह ने किया प्रगतिशील किसान श्री चोपड़े की अंतरवर्तीय फसल का निरीक्षण
छिंदवाडा़ l कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने आज विकासखंड बिछुआ के ग्राम खमारपानी पहुंचकर प्रगतिशील किसान श्री रामचरण चोपड़े के खेत में अंतरवर्तीय फसलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री अग्रिम कुमार साथ थे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने खेत में मक्का के साथ अदरक, टमाटर के साथ अदरक एवं अदरक के साथ गेंदा की फसल को देखा और किसान के नवाचार की सराहना की।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अंतरवर्तीय फसल पद्धति किसानों के लिए आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने का एक बेहतर विकल्प है। इस पद्धति से न केवल उत्पादन में वृद्धि होती है, बल्कि जमीन की उर्वरता और नमी संरक्षण में भी मदद मिलती है। उन्होंने अन्य किसानों को भी इस तरह की उन्नत खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कृषकगण उपस्थित थे।



