मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मुंबई में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया

भोपाल/मुंबई । मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को चुनाव प्रचार के लिए मुंबई पहुंचे और भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने महाराष्ट्र के भाजपा प्रदेश कार्यालय पर पत्रकार वार्ता कर कांग्रेस व शिवसेना पर जमकर निशाना साधा। मुंबई में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार और सरकार के बीच जो फर्क होता है, वह महाराष्ट्र में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। एक वो सरकार थी, जिसने मेट्रो परियोजना रोक दी। विकास के कामों में अड़ंगे लगाए। लेकिन अब महाराष्ट्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार काफी तेजी से काम कर रही है। पानी के बीच टनल बन रही है, सड़कें बन रही हैं और पुल बन रहे हैं। पहले जब हम जर्मनी, आस्ट्रेलिया में पानी के अंदर सुरंग देखते थे तो ये विचार आता था कि ऐसी सुरंगें अपने देश में भी होना चाहिए। हम गर्व के साथ यह कह सकते हैं कि हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। सरकार के ऐसे कामों से न सिर्फ विकास होता है, बल्कि देश का मान-सम्मान भी बढ़ता है।
*प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में चल रहा सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर*
डॉ. यादव ने कहा कि मैं महाराष्ट्र की उस धरती को नमन करता हूं, जहां शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज्य का सपना देखा था। उज्जैन के सारे मंदिर जिन्हें सन 1235 में ध्वस्त कर दिया गया था, जिसके परिणाम स्वरूप उनका जीर्णोद्धार महाराज राणोजी सिंधिया द्वारा कराया गया। इन मंदिरों का जिक्र स्कंदपुराण के अवंती खंड में मिलता है। इसी के अनुरूप प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का दौर चल रहा है। महाराज विक्रमादित्य ने अयोध्या समेत देश के कई मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया था, लेकिन 500 साल पहले अयोध्या में स्थित प्रभु श्रीराम के मंदिर को तोड़ दिया गया था। अब मोदी जी के नेतृत्व में एक बार फिर अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण हुआ है। डॉ. यादव ने कहा कि इतिहास गवाह है, महाराज शिवाजी के जमाने से लेकर वर्तमान समय तक, जब भी हमारे मंदिरों को तोड़ा गया है, तो उनका जीर्णोद्धार भी हुआ है। लेकिन कांग्रेस के लोगों को इससे भी तकलीफ होती है।
*अंग्रेज चले गए, लेकिन कांग्रेस को छोड़ गए*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं है कि देश से अंग्रेज तो चले गए, लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस को यहीं छोड़ गए। कांग्रेस का जन्म ही अंग्रेजों के द्वारा हुआ है, इसलिए आज भी वह ‘फूट डालो, राज करो’ की नीति पर ही चल रहे हैं। कांग्रेस ने अपने जैसे ही दलों को जोड़कर घमंडिया गठबंधन बनाया है और देश में सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं। लेकिन देश की जनता सब जानती है। डॉ. यादव ने कहा कि कल राहुल गांधी अमेठी में भाषण दे रहे थे कि मैं पापा के साथ 42 साल पहले यहां आया था, तब यहां न तो सड़कें थीं, न विकास का कोई काम हुआ था। क्या राहुल गांधी यह भूल गए कि यहां से उनके दादाजी फीरोज गांधी सांसद रहे हैं। उनके पिता सांसद रहे हैं और उनका पूरा खानदान यहां से चुनाव लड़ता रहा। अगर इनके रहते हुए यहां का विकास नहीं हुआ, तो इसका जिम्मेदार कौन है?
*संविधान पर चोट करती रही है कांग्रेस*
डॉ. यादव ने कहा कि अब राहुल गांधी कहते हैं कि अगर भाजपा की सरकार बनी, तो संविधान खतरे में आ जाएगा। वो ये भूल जाते हैं कि बीते 10 सालों से देश में मोदी जी की सरकार है और उनकी सरकार ने सहमति के आधार पर 400 से ज्यादा निर्णय लिए हैं, जिनमें धारा 370 हटाने से लेकर सभी बड़े निर्णय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि देश का संविधान 1950 में लागू हुआ, जिसके बाद कांग्रेस के लोगों ने ही उसमें सर्वाधिक संशोधन किये हैं। कांग्रेस सरकार ने ही देश में आपातकाल लगाने का पाप भी किया है। डॉ. यादव ने कहा कि वो कांग्रेस जो 1971 के पहले से गरीबी हटाओ के नारे लगाती रही, अभी भी कह रही है कि एक लाख रुपये देंगे, वोट दे देना। कांग्रेस ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। महिलाओं की कभी इज्जत नहीं की। तंदूर कांड जैसे न जाने कितने पाप इनके सिर पर हैं।
*जिस कांग्रेस को पसंद नहीं करते थे बाला साहब, उनके साथ चुनाव लड़ रहे उद्धव ठाकरे*
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मुझे इस बात पर गर्व है कि आज मैं बाला साहब ठाकरे की धरती पर आया हूं। देश में सबसे पहले भगवा पताका एक विचारधारा के रूप में महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से ही फहराई गई थी। मध्यप्रदेश में आजादी के बाद से हमारी विजय यात्रा चालू हुई। 1952 में मध्यप्रदेश से जनसंघ के सांसद चुने गए। उन्होंने कहा कि यह देखकर आज यह देखकर बहुत दुख होता है कि हमारे देवस्थानों के जीर्णोद्धार से सबसे ज्यादा दुखी कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के लोग होते हैं। कांग्रेस के बारे में बाला साहब ठाकरे ने कहा था कि मैं कांग्रेस को चिमटी से छूना भी पसंद नहीं करूंगा, लेकिन उसी कांग्रेस का समर्थन लेकर आज नकली शिवसेना चुनाव लड़ रही है।
*ये भगवान गोपाल कृष्ण के मुस्कुराने का चुनाव है*
डॉ. यादव ने कहा कि 2014 में जब श्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा था कि हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएंगे, तो लोगों ने उनकी हंसी उड़ाई थी, लेकिन उन्होंने यह करके दिखाया। सरकार बनने के बाद उन्होंने आतंकवाद पर काबू पाया। 2019 में उन्होंने कहा था कि देश के माथे पर कलंक धारा 370 हटाना है और देश में संस्कृति के अनुष्ठान का पर्व चलाना है, इसके लिए सरकार बनाना है। हम सब इसके गवाह हैं कि उन्होंने धारा 370 हटा दी और सुप्रीम कोर्ट के माध्यम से राम जन्मभूमि विवाद भी सुलझ गया। डॉ. यादव ने कहा कि कोविड संकट के दौरान मोदी सरकार ने यह बता दिया कि वह देशवासियों का कितना ख्याल रखती है। अब तीसरी बार चुनाव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में जब अयोध्या में भगवान राम मुस्कुरा रहे हैं, महाकाल के महालोक में आनंद छाया है, तो मथुरा में गोपाल कृष्ण क्यों सूने रहेंगे? उन्हें भी मुस्कुराना चाहिए। 2024 का चुनाव भगवान गोपाल कृष्ण के मुस्कुराने का चुनाव है। डॉ. यादव ने कहा कि कई लोग यह कहते हैं कि आप धर्म की बात क्यों करते हैं? हमें धर्म की बात क्यों नहीं करना चाहिए, जब धर्म से ही दुनिया में हमारी पहचान है। अगर विदेश जाकर कोई यह न बताए कि वह भारत से आया है और सिर्फ यह बता दे कि मैं राम और कृष्ण की धरती से आया हूं, तो हर व्यक्ति समझ जाएगा कि यह भारत से आया है। जिससे हमारी पहचान है, उस धर्म के बारे में बात करने में कैसा संकोच।