पुलिसकर्मी ने पत्नी को बेरहमी से पीटा, थाने में दर्ज हुई एफआईआर
रीवा से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस विभाग में पदस्थ एक पुलिसकर्मी ने अपनी ही पत्नी को डंडों से बेरहमी से पीट दिया। घटना बिछिया थाना क्षेत्र स्थित विंध्याचल कॉलोनी पुलिस लाइन की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता सावित्री बर्मन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति राजीव वर्मा, जो रीवा पुलिस विभाग में पदस्थ हैं, ने दीपावली के दिन उसे कमरे में बंद कर पीटा। पत्नी का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने पति से अपने मायके सतना जाने की जिद की थी और पूजा का सामान मंगाया था। इस बात से नाराज होकर आरोपी पति ने पहले डंडों से जमकर मारपीट की और फिर घायल पत्नी को दिनभर कमरे में बंद रखा।
पीड़िता ने बताया कि शादी वर्ष 2016 में हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही पति दहेज के लिए प्रताड़ित करता था। पहले भी मामला पन्ना के कुटुंब न्यायालय तक पहुंचा था, जहां समझौते के बाद पति उसे रीवा लेकर आया था।
वहीं अब एक बार फिर दीपावली के मौके पर हुए विवाद के बाद पत्नी ने बिछिया थाने पहुंचकर पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



