संतुलित आर्थिक विकास और मानव संसाधन सुदृढ़ीकरण को आगे बढ़ाने वाला बजट : मंत्री श्री टेटवाल
भोपाल l कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और मानव संसाधन को सशक्त बनाने की दिशा में संतुलित और दूरदर्शी दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
राज्यमंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि बजट में अधोसंरचना, विनिर्माण, सेवा क्षेत्र और नवाचार को प्रोत्साहन देने से अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे। इससे राज्यों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ-साथ रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।उन्होंने कहा कि कौशल विकास, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़े प्रावधानों के साथ-साथ बजट में शिक्षा, उद्योग और नवाचार को जोड़ने की स्पष्ट सोच दिखाई देती है। इससे युवाओं को बदलते आर्थिक परिवेश के अनुरूप तैयार करने और उन्हें स्थायी रोजगार से जोड़ने में मदद मिलेगी।
मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि यह बजट गरीब, युवा, महिला और मध्यम वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से विकास की प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी और राज्य को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास और सामाजिक संतुलन को बनाए रखते हुए देश की प्रगति को नई दिशा देगा।



