इंदौर l भाजपा के नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने अपनी नियुक्ति के लगभग 9 महीने बाद आज नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। इस 33 सदस्यीय टीम में 8 उपाध्यक्ष, 3 महामंत्री और 8 मंत्री शामिल हैं। सूची जारी होते ही पार्टी के भीतर भूचाल आ गया। कार्यकारिणी की घोषणा के तुरंत बाद, नाराज भाजपा कार्यकर्ता और खाती समाज के लोग भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की । प्रदर्शनकारियों ने मिश्रा के केबिन के बाहर लगी नेमप्लेट और गेट पर कालिख पोत दी। इतना ही नहीं, कार्यालय के बाहर लगे पोस्टर में भी सुमित मिश्रा के चेहरे पर कालिख पोती गई और बाद में पोस्टर फाड़ दिया गया। इस हंगामे के बीच 28 से अधिक कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे की पेशकश कर दी।