मंदसौर। आंखे तो है चेहरे पर, पर दृष्टि कहीं सोई है!
सामने खड़ी हकीकत है, पर चेतना खोई है!
कुछ इसी तरह कांग्रेस ने बर्ताव किया है। ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर जीतू पटवारी का बयान गंभीरता से नहीं लिया जा सकता, क्योंकि वे अपनी संकीर्ण मानसिकता से झूठे जुमले छोड़कर बरगलाने वाले बयान देते हैं।
यह बात भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पवन पाटीदार ने कही।
मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी द्वारा दिए गए एक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री पाटीदार ने कहा कि दुनिया में सबसे कठिन उसे जगाना है, जो जागते हुए सोने का नाटक करे, ऐसी हालत जीतू पटवारी की है। पिछड़ा वर्ग आरक्षण के मुद्दे को बिगाड़ने का काम कांग्रेस और कमलनाथ सरकार ने किया है। इन्होंने तथ्यों को अध्ययन किए बगैर विषय को उलझा दिया है। किन्तु इनकी गलतियों के कारण पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाया। किसी भी विषय को उलझाना कांग्रेस से सीखा जा सकता है। इतने महत्वपूर्ण विषय के साथ भी खिलवाड़ इन लोगों ने किया है।
श्री पाटीदार ने कहा कि जीतू पटवारी का बयान वैसे भी गंभीरता से नहीं लिया जा सकता, क्योंकि वे कभी महिलाओं को शराबी बताकर अपनी संकीर्ण मानसिकता का परिचय देते हैं।
माननीय उच्चतम न्यायालय में सरकार के वकील भी उपस्थित हुए, तारीख भी आगे बढ़ी। लेकिन तथ्यों को झुठलाकर वे कुछ भी बयान देते हैं।
इसलिए पिछड़ा वर्ग, इनकी बात नहीं मानेगा। क्योंकि ये केवल अपने स्वार्थ के लिए जनता को बरगलाने का काम करते हैं। पिछड़ा वर्ग के नागरिक शिक्षित हैं, वे अच्छे से जानते हैं कि ओबीसी वर्ग के हितों की चिंता करते हुए 2018 में मोदी सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया।
श्री पाटीदार ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने इस वर्ग को उलझाया है। किन्तु अब डॉ. मोहन यादव सरकार विषय को सुलझाकर सही दिशा में ले जाने का काम कर रही है।