प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हमला, पुलिस ने संभाला मोर्चा
मंदसौर जिले में आज सुबह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के काफिले पर जमकर पथराव किया गया है। इस पत्थरबाजी में जीतू पटवारी के वाहन का कांच फूट गया है। पटवारी की गाड़ी पर हुआ हमला पिछले दिनों उनके द्वारा धाकड़ समाज पर टिप्पणी करने की नाराजगी के चलते किया गया है। पटवारी पर ये हमला उस समय हुआ, जब वो 'वोट चोर गद्दी छोड़' आंदोलन में शामिल होने रतलाम आ रहे थे। इसी दौरान मांगरोल में धाकड़ समाज भी जीतू पटवारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा था। बताया जा रहा है कि, समाज की ओर से पहले ही आंदोलन की घोषणा कर दी गई थी। इसी बीच जीतू पटवारी का उसी क्षेत्र से निकलना हुआ तो धाकड़ समाज के प्रदर्शनकारियों ने अचानक से मार्ग घेर लिया और उन्हें काले झंडे दिखाते हुए पहले तो जमकर विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की। लोगों को चारों और से घेरे देख जीतू पटवारी वाहन से उतर गए, इसी बीच भीड़ से किसी ने उनपर पत्थर से हमला कर दिया l समय रहते पत्थर की जद से हट जाने के कारण उन्हें तो चोट नहीं आई, पर पत्थर जीतू पटवारी के वाहन के शीशे पर जा लगा, जिससे शीशा टूट गया l मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थितियों को संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल, जीतू पटवारी आंदोलन में शामिल होने शहर के लिए रवाना हो गए हैं।


