छिंदवाडा़ l भारत शासन के निर्देशानुसार कृषि को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि चौपाल नामक कार्यक्रम प्रारंभ किया गया हैं। इसमें प्रत्येक एपिसोड में कृषि की नवीन तकनीकी को दिखाया जायेगा, जिसका प्रसारण हर महीने के प्रथम अथवा द्वितीय शनिवार को दोपहर 02 से 03 बजे तक डीडी किसान में किया जायेगा।

      कार्यक्रम का प्रथम प्रसारण डीडी किसान में 07 दिसंबर 2024 शनिवार को दोपहर 02 से 03 बजे के बीच किया गया। जिले में कृषि चौपाल कार्यक्रम के प्रसारण को जिला पंचायत सभाकक्ष छिंदवाडा में जिले के प्रगतिशील किसानों एवं विभागीय अधिकारियों एवं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा देखा एवं सुना गया। कृषि चौपाल कार्यक्रम के प्रसारण में आई.सी.ए.आर. नई दिल्ली के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विभिन्न कृषि एवं उद्यानिकी फसलों की जानकारी दी एवं किसानों की जिज्ञासाओं का निराकरण किया।

      कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह द्वारा जिले के किसानों को संतुलित उर्वरक प्रबंधन, नरवाई प्रबंधन एवं प्राकृतिक खेती के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई एवं किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

      जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रगतिशील कृषक श्री मेरसिंह चौधरी, श्री रामाराव लाडे, श्री जितेन्द्र शाह, श्री छत्रसाल राठौर, श्री सुन्दरलाल नागवंशी, श्री अरविंद उसरेठे, श्री राहुल वसूले आदि कृषक, कृषि वैज्ञानिक एवं विभागीय अधिकारी सम्मिलित हुये।

      हाल ही में जिले के विकासखंड छिंदवाडा के ग्राम खजरी के प्रगतिशील कृषक श्री राहुल वसूले को 03 दिसंबर 2024 को मिलेनियर फॉर्मर ऑफ इंडिया 2024 के नेशनल अवार्ड से आईसीएआर पुसा नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया हैं। श्री राहुल वसूले प्राकृतिक खेती करने वाले प्रगतिशील कृषक हैं। श्री राहुल वसूले की इस उपलब्धि पर उप संचालक कृषि एवं कार्यक्रम में सम्मिलित जनप्रतिनिधियों द्वारा सराहना करते हुए सम्मानित किया गया।