छिंदवाडा़ जिले के ग्राम सांख में आज उदय फार्मर प्रोडूसर कंपनी (एफपीओ) द्वारा वार्षिक आमसभा का आयोजन किया गया, जिसमें उप संचालक कृषि श्री जितेन्द्र कुमार सिंह द्वारा क्षेत्र के कृषकों से नरवाई प्रबंधन के लिये उन्नत कृषि यंत्र सुपरसीडर, हैप्पी सीडर के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया, जिसमें मक्का फसल के भुट्टे तुड़ाई के तुरंत बाद सुपर सीडर के माध्यम से आगामी फसल गेहॅूं, चना, सरसों की जुताई, बुआई एवं पाटा चलाने का कार्य एक बार में ही पूर्ण हो जाता है। जिससे कि प्रति एकड़ कम लागत, कम पानी, समय की बचत के साथ ही मिट्टी की उर्वरकता को बढ़ाकर अच्छा उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिये किसान द्वारा कृषि यंत्र खरीदने पर शासन द्वारा 1.20 लाख रूपये का अनुदान दिये जाने के बारे में बताया गया।

      डीन उद्यानिकी महाविद्यालय चंदनगांव डॉ.आर.सी.शर्मा द्वारा नरवाई प्रबंधन कर जैविक खाद निर्माण एवं इसके फायदे के बारे में बताया गया। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी छिंदवाडा श्री सी.एम.अवस्थी द्वारा संतुलित उर्वरक एवं डीएपी के विकल्प को बेहतर विकल्प एनपीके के उपयोग के बारे मे जानकारी दी गई। साथ ही विभागीय योजनाओ की जानकारी दी गई।  

      कार्यक्रम में अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री नीलकंठ पटवारी, कृषि यंत्री श्री अष्विनी सिंह, सुश्री हर्षिता ठाकुर, श्री संजय नारवरे, कृषि विस्तार अधिकारी श्री जगन्नाथ कुमरे, ग्राम सरपंच श्री शिवनारायण पाटस्कर, उप सरपंच श्री मुकेश पाटस्कर, उदय फार्मर प्रोडूसर कंपनी के सभी सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित थे।