जैविक और समन्वित खेती से खमारपानी के किसान श्री रामचरण झाडु बने प्रेरणा स्रोत
छिंदवाडा़ जिले के विकासखंड बिछुआ के ग्राम खमारपानी के कृषक श्री रामचरण झाडु ने यह साबित कर दिखाया है कि सही मार्गदर्शन और मेहनत से खेती को न केवल लाभकारी बल्कि टिकाऊ भी बनाया जा सकता है। शासन की आत्मा परियोजना एवं कृषि विभागीय अधिकारियों के सहयोग से उन्होंने परंपरागत खेती से आगे बढ़कर फसल विविधिकरण और समन्वित कृषि को अपनाया। आज वे जैविक खेती और आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए अपने गांव में प्रेरणा स्रोत बन चुके हैं।
पूर्व की स्थिति - श्री रामचरण झाडु पिछले कई वर्षों से गेहूँ, चना, मक्का और सोयाबीन जैसी पारंपरिक फसलों की खेती कर रहे थे। रासायनिक खाद और दवाइयों पर अधिक निर्भरता के कारण उनकी लागत लगातार बढ़ रही थी और खेत की उर्वरक शक्ति भी कम हो रही थी। लगभग चार वर्ष पूर्व आत्मा परियोजना से जुड़ने के बाद उन्होंने कृषि विभागीय मार्गदर्शन में जैविक खेती की ओर कदम बढ़ाया और तीन एकड़ क्षेत्र में रासायनिक खेती छोड़ दी।
नई तकनीक और नवाचार - तकनीकी मार्गदर्शन एवं शासन से मिली सहायता से उन्होंने फसल चक्र, फसल विविधिकरण, समन्वित खेती और नरवाई प्रबंधन को अपनाया। पिछले वर्ष से वे सुपर सीडर जैसी आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग कर रहे हैं।
वर्तमान स्थिति एवं परिवर्तन - आज उनके पास 11 एकड़ भूमि के साथ-साथ C2 देसी नस्ल की गिर गाय भी है। पशुपालन से प्राप्त गोबर और गौमूत्र का उपयोग कर वे खेतों में जैविक खाद एवं दवाइयाँ तैयार करते हैं। फसल चक्र के तहत पारंपरिक फसलों के साथ स्वीटकॉर्न, टमाटर और धनिया की खेती भी कर रहे हैं। स्वीटकॉर्न की फसल से उन्हें 35–40 रुपये प्रति किलो की दर से लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये का लाभ मिला। साथ ही अंतरवर्ती फसल से अतिरिक्त आमदनी भी हुई।
लाभ और उपलब्धियां - जैविक पद्धति अपनाने से उनकी लागत घटी और आमदनी में वृद्धि हुई। आज वे जीवामृत, नीमास्त्र जैसी जैविक दवाइयाँ स्वयं बनाकर खेतों में उपयोग कर रहे हैं। खेती और पशुपालन के सम्मिलित प्रयासों से उनकी वार्षिक आय 5 से 8 लाख रुपये तक पहुँच चुकी है। वर्ष 2017-18 में उन्हें विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम पशुपालन कृषक पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया।
जैविक खेती के फायदे - जैविक खेती वह पद्धति है जिसमें रासायनिक खाद और दवाइयों का प्रयोग नहीं किया जाता, बल्कि गोबर, गौमूत्र, कम्पोस्ट, हरी खाद और जैविक कीटनाशकों का उपयोग कर मिट्टी की उर्वरक शक्ति को बढ़ाया जाता है। इस पद्धति से उपजाई गई फसलें न केवल स्वास्थ्यवर्धक होती हैं बल्कि लंबे समय तक भूमि की उत्पादकता भी बनी रहती है।
शासन का सहयोग - आत्मा परियोजना और कृषि विभागीय अधिकारियों के निरंतर मार्गदर्शन से उन्हें समय-समय पर तकनीकी जानकारी, प्रशिक्षण एवं संसाधनों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। यही कारण है कि आज श्री रामचरण झाडु की पहचान जिले में एक सफल व नवाचारक कृषक के रूप में बन चुकी है।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतत प्रयास - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रयासरत है। टिकाऊ खेती, फसल विविधिकरण और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ आज श्री रामचरण जैसे किसान उठा रहे हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश के हर किसान को आधुनिक तकनीक और विभागीय सहयोग से जोड़कर खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में सरकार सतत कार्य कर रही है।



