नाबार्ड राज्य ऋण संगोष्ठी 2026-27 में कृषि मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने किया स्टेट फोकस पेपर का विमोचन
भोपाल l कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में नाबार्ड द्वारा आयोजित राज्य ऋण संगोष्ठी 2026–27 के अवसर पर कृषि एवं सहकारिता मंत्री श्री ऐदल सिंह कंषाना ने नाबार्ड द्वारा तैयार किए गए स्टेट फोकस पेपर 2026–27 (मध्यप्रदेश) का विमोचन किया। इस अवसर पर कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों, बैंकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं लघु उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया।
अपने संबोधन में कृषि मंत्री श्री कंषाना ने कहा कि स्टेट फोकस पेपर 2026–27 केवल एक तकनीकी दस्तावेज नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश के कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं समावेशी विकास का ब्लूप्रिंट है। यह दस्तावेज जिलेवार भौगोलिक, सामाजिक एवं आर्थिक आवश्यकताओं के गहन अध्ययन पर आधारित है, जो किसानों की आजीविका के विविध क्षेत्रों में ऋण संभावनाओं को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026–27 के लिए लगभग 3.75 लाख करोड़ रुपये की ऋण संभावनाओं का आकलन किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक है। इसके आधार पर राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) द्वारा वार्षिक ऋण योजना तैयार की जाएगी, जिससे किसानों, युवाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित होंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि और सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, और मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। राज्य में अधिक उत्पादक एवं जलवायु-अनुकूल फसलों, प्राकृतिक एवं सतत कृषि पद्धतियों, कृषि अवसंरचना एवं वैल्यू चेन विकास को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि वे स्टेट फोकस पेपर में चिन्हित प्राथमिकताओं को गंभीरता से अपनाते हुए किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, युवाओं एवं ग्रामीण उद्यमियों तक सुलभ एवं समयबद्ध ऋण की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करें।
श्री कंषाना ने कहा कि यह कार्यक्रम विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नाबार्ड, राज्य सरकार के विभागों, बैंकों एवं सभी हितधारकों को इस दूरदर्शी दस्तावेज के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह स्टेट फोकस पेपर मध्यप्रदेश को कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग, नाबार्ड की मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती सी. सरस्वती, बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य विशिष्टजन उपस्थित रहे।



