हरदा / सभी किसानों को सुगमता पूर्वक उर्वरक उपलब्ध कराएं। किसी भी किसान को परेशानी न हो। किसानों को उनकी आवश्यकता अनुसार उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित कृषि विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों व डीलर्स को दिये। बैठक में उप संचालक कृषि श्री जे.एल. कास्दे, जिला विपणन अधिकारी श्री योगेश मालवीय, सहायक आयुक्त सहकारिता श्री बासुदेव भदोरिया, कृषि आदान वितरण संघ के अध्यक्ष श्री श्याम माहेश्वरी सहित अधिकारी कर्मचारी व एजेन्सियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कलेक्टर श्री जैन ने बैठक में निर्देश दिये कि सभी किसानों को उनकी आवश्यकता अनुसार खाद उपलब्ध कराई जाए। जिले में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। उन्होने अधिकारियों को डीएपी के विकल्प के प्रचार प्रसार के लिये आधार केन्द्रों पर फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिये। उन्होने कहा कि किसानों को उपलब्ध कराई गई उर्वरक की एन्ट्री उनकी ऋण पुस्तिका में अवश्य करें। इस दौरान उन्होने विक्रेताओं से रबी फसल के लिये सुझाव भी लिये।