ग्वालियर l सामाजिक न्याय व दिव्यांगजन कल्याण एवं उद्यानिकी व खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिये पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। सरकार विभिन्न विधाओं के खिलाड़ियों को बेहतर से बेहतर खेल सुविधायें व अधोसंरचना प्रदान कर रही है, जिससे प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण, रजत व कांस्य पदक हासिल कर रहे हैं। श्री कुशवाह शनिवार को छत्री मैदान में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से बालक-बालिका हॉकी खिलाड़ियों को हॉकी किट वितरित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर 20 बालिका व इतने ही बालकों को हॉकी की किट प्रदान की।

ज्ञात हो राजमाता विजयाराजे सिंधिया मिनी हॉकी स्टेडियम छत्री बाजार मैदान पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी अकादमी के तहत हॉकी फीडर सेंटर संचालित है। इसके माध्यम से प्रतिभावान बालक-बालिकाओं को हॉकी का प्रशिक्षण दिया जाता है। इन्हीं बच्चों को मंत्री श्री कुशवाह ने शनिवार को हॉकी किट सौंपी। कार्यक्रम में पार्षद श्री मोहित जाट सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।

मंत्री श्री कुशवाह ने इस अवसर पर कहा कि छत्री मैदान एक ऐतिहासिक मैदान है। इस मैदान ने शिवाजी पवार जैसे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रदान किए हैं। बहुत कम सुविधाओं में उन्होंने हॉकी में महारत हासिल की थी। वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा हॉकी को ऊँचाईयाँ प्रदान करने के लिये तमाम सुविधायें प्रदान की जा रही हैं। ग्वालियर के खिलाड़ी इन सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने परिवार, शहर, प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।