केंद्रीय बजट 2026-27 से पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को मिलेगी नई मजबूती : राज्यमंत्री श्री लखन पटेल
भोपाल l पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इस बजट में सहकारिता के माध्यम से पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सहकारी समितियों को कर राहत देने से पशुपालकों एवं डेयरी से जुड़े सदस्यों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 में पशुपालन क्षेत्र को रिकॉर्ड स्तर का बजटीय समर्थन प्रदान किया गया है। वित्त वर्ष 2025-26 में जहां विभाग का बजट 4,850 करोड़ रुपये था, जिसे इस वित्त वर्ष 2026-27 में बढ़ाकर 6,153 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रस्तुत बजट पशु स्वास्थ्य सेवाओं, आधारभूत संरचना, डेयरी विकास तथा रोजगार के नए अवसरों को गति देगा।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को इस जनहितैषी बजट के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया है।



