प्रदेश में जनजाति वर्ग के सर्वांगीण विकास की बयार - प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल
विदिशा l भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के समापन का जिला स्तरीय कार्यक्रम बासौदा के मानस भवन आयोजित किया गया था। प्रधानमंत्री जी के लाइव उद्बोधन को देखने सुनने के प्रबंध जिला स्तरीय कार्यक्रम मंे सुनिश्चित किए गए थे।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में इस भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की जनजातीय कल्याण नीति, योजनाओं और उपलब्धियों का प्रभावशाली चित्र देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, पशुपालन एवं डेयरी विकास विभाग के राज्य मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल ने मीडिया से संवाद के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास की नई बयार बह रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजाति समाज के प्रत्येक परिवार की उन्नति, सुरक्षा, संस्कृति संरक्षण और आर्थिक स्वावलंबन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। “प्रदेश के सभी जनजाति वर्ग के नागरिकों के सर्वांगीण विकास में राज्य सरकार कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रही है, ”यह कहते हुए मंत्री श्री पटेल ने जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, सिंचाई, रोजगार और आजीविका बढ़ाने के लिए लागू की गई अनेक योजनाओं का उल्लेख किया।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि सरकार ने जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष कार्यक्रम संचालित किए हैं। इससे जनजातीय युवा मुख्य धारा से जुड़कर समाज और राष्ट्र के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन में जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य संस्थानों और आंगनबाड़ियों के सुदृढ़ीकरण जैसे बुनियादी कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे परिवारों की आय और जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
कार्यक्रम को विदिशा विधायक श्री मुकेश टंडन, बासौदा विधायक श्री हरि सिंह रघुवंशी और कुरवाई विधायक श्री हरि सिंह सप्रे तथा अखिल भारतीय सहरिया समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री फूल सिंह सहरिया ने संबोधित किया।
- पुरस्कार -
विभिन्न योजनाओं से लाभंावित होने वाले हितग्राहियों सहित मंच से उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनजातीय छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, महिलाओं और समाजसेवियों को जनजाति गौरव दिवस के पाक्षिक समापन आयोजन में स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल और अन्य अतिथियों के द्वारा कार्यक्रम स्थल पर प्रदाय कर सम्मानित किए गए हैं।
कार्यक्रम में जनजातीय सांस्कृतिक दलों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में जनजातीय कल्याण से संबंधित योजनाओं, उत्पादों और नवाचारों को प्रदर्शित किया गया था।
कार्यक्रम में बासौदा नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती शशि अनिल यादव, जनपद अध्यक्ष श्रीमती नीलू रघुवंशी समेत अन्य जनप्रतिनिधि गण कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत चैबे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के नागरिकगण और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।



