रतलाम/ जिला कृषि विभाग आत्मा परियोजना तथा मिलेट मिशन के तहत रतलाम में आयोजित दो दिवसीय कृषि विज्ञान मेले का समापन गुरुवार को हुआ। मेले में जिले के किसानों को उपयोगी जानकारी मिली, किसानों ने उन्नत खेती के गुर सीखें, वैज्ञानिक मार्गदर्शन मिला, मिट्टी परीक्षण की सुविधा मिली, जैविक खेती की जानकारी मिली। मोटे अनाजों जैसे ज्वार, बाजरा, कोदो कुटकी, रागी पर उपयोगी ज्ञान मिला।मेले में कृषि विज्ञान केंद्र कालूखेड़ा के वैज्ञानिक डॉक्टर सी.आर. कटवा द्वारा खरीफ फसलों जैसे सोयाबीन, मक्का, कपास पर उपयोग की जानकारी किसानों को दी गई।

उद्यानिकी विभाग के श्री ओ.पी. ठाकुर ने विभाग की योजनाओं के बारे में बताया। मत्स्य विभाग के इंस्पेक्टर श्री दंडोतिया ने मछली पालन में तालाब अनुदान पर चर्चा की। ग्राम आम्बा के जैविक कृषक श्री राजेंद्र सिंह राठौड़ ने जैविक खेती पर किसानों को जानकारी दी। निजी कंपनियों के खाद एवं दवाई के स्टाइल प्रदर्शित किए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टॉल को प्रशंसा पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री दुर्गेश सुरोलिया ने किया। परियोजना संचालक श्री निर्भय सिंह नरगेश ने आभार माना।

स्वयं सहायता समूहों को 122 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया

कृषि विज्ञान मेले के प्रथम दिवस कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिले के 368 स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक उत्थान के लिए 122 लाख रुपए चक्रीय कोष की राशि का चेक प्रदान किया गया। इस दौरान स्वयं सहायता समूहो की महिलाओं ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानी भी सुनाई। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी, एनआरएलएम के जिला प्रबंधक श्री जेपीएस चौहान भी उपस्थित थे।