खाद ना मिलने से परेशान किसान आए सड़क पर, मंत्री जी ने किया हस्तक्षेप
दमोह जिले में खाद की किल्लत को लेकर किसानों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। खाद न मिलने से परेशान किसानों ने दोपहर में दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह जाम करीब दो घंटे तक चला, जिससे हाईवे पर सैकड़ों वाहन फंसे रहे और आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया।राज्य पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर जानकारी दी कि उन्होंने भोपाल में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंसाना से बात कर दमोह जिले और जबेरा विधानसभा क्षेत्र के लिए शीघ्र यूरिया रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। मंत्री कंसाना ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही दमोह जिले में यूरिया की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। किसानों का कहना है कि बरसात के इस मौसम में खाद की समय पर उपलब्धता बेहद जरूरी है, नहीं तो उनकी फसलें बर्बाद हो जाएंगी।



