मंडियों में सोयाबीन भावांतर योजना का राज्यमंत्री श्री लोधी, राज्यमंत्री श्री पटेल ने किया शुभारंभ
दमोह l सरकार द्वारा खरीफ 2025 में सोयाबीन की फसल हेतु भावांतर योजना अंतर्गत आज से खरीदी प्रारंभ की गई है। जिले की कृषि उपज मंडियों में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में एक उत्सव के रूप में मनाकर आज योजना का शुभारंभ किया गया।
कृषि उपज मंडी दमोह में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल, पूर्व वित्त मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे, हरिश्चंद्र पटेल, हेमंत पटेल ने भावांतर योजना का शुभारंभ किया।
साथ ही दमोह जिले की विभिन्न कृषि उपज मंडियों में स्थानीय जन प्रतिनिधियों के माध्यम से भावांतर योजना का शुभारंभ किया गया।
प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा भवान्तर योजना के अंतर्गत कृषि उपज मंडी में किसानों की उपज को खरीदने का काम शुरू हुआ, उसका उद्घाटन हुआ। सभी किसानों को जो भावांतर योजना लागू हो रही है वह किसान के हित में हैं इसके लिए सभी किसानों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा निश्चित रूप से भावांतर योजना के अंतर्गत आने वाले समय में जो भाव अंतर की राशि किसानों के खाते में डाली जाएगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी के नेतृत्व में सरकार ने भावांतर योजना शुरू की है, आने वाले समय में किसान को जो भावांतर की राशि मिलेगी उससे किसान सुखी होगा, समृद्ध होगा, किसानों को मैं शुभकामनाएं देता हूं।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री लखन पटेल ने कहा भावांतर योजना आज मध्य प्रदेश सरकार ने प्रारंभ की है, जनप्रतिनिधियों ने मंडी में इसका शुभारंभ भी किया है, इस योजना से किसानों को लाभ होगा।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने किसान बंधुओ से आग्रह करते हुए कहा इस योजना को अच्छे से समर्थन दें, इसका प्रचार-प्रसार भी करें ताकि आप आगे आने वाली फसलों के लिए यह योजना लागू हो, निश्चित रूप से किसानों के लिए यह फायदे की योजना है। किसानों की फसल यदि FAQ क्वालिटी की नहीं भी है तो भी इसका फायदा किसानों को भरपूर मिलेगा। सभी किसान इस योजना को सफल बनाने में सरकार को समर्थन दें, जिससे उनको उसका लाभ मिलेगा।



