वो कौन था जिसके एक फोन से नो एंट्री में भी हो गई एंट्री और मच गया मौत का तांडव
इंदौर में एयरपोर्ट रोड पर ट्रक द्वारा जनता को कुचले जाने की घटना से हर कोई दुखी है, इस घटना को देखने वाले प्रत्यक्षदर्शी इस मंजर को शायद ही कभी भूल पाएं, सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना से जुड़े फोटो-वीडियो जिसने भी देखे वह विचलित हो उठा... इधर, इस घटना से जुड़ी एक अपुष्ट खबर और सामने आ रही है कि ट्रक (mp 09 zp 4069) को घटना से पहले कुछ पुलिसकर्मियों ने नो इंट्री के चलते रोका था, लेकिन 'दबाव-प्रभाव' के चलते उसे छोड़ना पड़ा... बताया जाता है कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति ने बात की और उसके बाद ट्रक को नो एंट्री में एंट्री मिल गई... फिलहाल इस खबर की पुष्टि तो नहीं की जा सकती, लेकिन अगर वाकई ऐसा हुआ है तो उस नाम का खुलासा होना भी जरूरी हो जाता है जिसके एक कॉल से मौत का तांडव मचा..?
घटना के बाद अभी तो पुलिस द्वारा अधिकृत रूप से करीब 3 लोगों की मौत होना बताई जा रही है, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे में करीब 7 से 8 लोगों की जान गई... सुभाष सोनी नाम के प्रत्यक्षदर्शी ने मीडिया को बताया कि ड्राइवर नशे में था और ट्रक के ब्रेक भी फेल हो गए थे... ट्रक के टायर में आग लगने लगी... इसके बाद ट्रक लोगों को टक्कर मारता गया और लोग नीचे गिरते चले गए... कई लोग लोग ट्रक के नीचे भी आए... इस घटना से जुड़ा वीडियो भी वायरल हुआ है... मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि आज इंदौर में हुई ट्रक दुर्घटना दुखद है।
इस घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर मैंने निरीक्षण हेतु अपर मुख्य सचिव गृह को इंदौर जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, रात 11 बजे से पहले शहर में भारी वाहनों के प्रवेश के कारणों की प्रारंभिक तथ्यपरक जाँच कराने के भी निर्देश दिए हैं।
मृतकों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करता हूं तथा ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।



