भोपाल l विधानसभा में मंगलवार को ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान पत्थरबाजी पर चर्चा की मांग को लेकर जमकर हंगामा हुआ। विपक्ष ने नियम के अनुसार चर्चा नहीं कराने की बात कही। इसके बाद दोनों तरफ से सदस्य बोलने लगे। स्पीकर नरेंद्र सिंह तोमर ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का अनुरोध नामंजूर कर दिया। इस पर हंगामा शुरू हो गया। स्पीकर ने विधानसभा की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी।गत दिनों भोपाल और इंदौर में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने के मुद्दे पर अचानक ध्यान आकर्षण लाया गया। भाजपा विधायक डॉ राजेंद्र पांडे यह प्रस्ताव लाए। संसदीय कार्य मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि हमारे कार्यकर्ताओं पर इंदौर भोपाल दोनों जगह हमले हुए। महिला कार्यकर्ता घायल हुई है उसको लेकर ध्यानआकर्षण लाया गया है, सदस्य उस पर बोलना चाहते हैं।इस पर कांग्रेस विधायक सचिन यादव ने कहा कि हमारे कार्यालय पर हमले हुए। भाजपा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडे ने कहा कि पहले से पत्थर इकट्ठे किए गए। पूरा देश अपमानित हो रहा है, मध्य प्रदेश में गुंडागर्दी की जा रही है। शनिवार और रविवार होने की वजह से हम इस प्रस्ताव की सूचना नहीं दे पाए। कांग्रेस इस पर चर्चा नहीं करना चाह रही है, कांग्रेस की यह हताशा है।