बालाघाट l कलेक्‍टर श्री मृणाल मीना के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ निलय जैन ने जिला चिकित्‍सालय के चार डाक्‍टर्स को नियत समय पर अस्‍पताल में उपस्थित नहीं पाये जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उन्‍हें 24 घंटे के भीतर अपना स्‍पष्‍टीकरण प्रस्‍तुत करने कहा है।

सिविल सर्जन डॉ निलय जैन द्वारा 31 अक्‍टूबर को जिला चिकित्‍सालय का प्रात: 10.30 बजे राउंड लेने पर पाया गया कि डॉ नितेन्‍द्र रावतकर, डॉ अंकित राणा, डॉ डेनिला उईके एवं डॉ गीता बोकड़े ओपीडी में उपस्थित नहीं थे और उनके कक्ष के बाहर मरीजों की कतार लगी थी। इन डाक्‍टर्स का यह आचरण कदाचरण की श्रेणी में होने के कारण उन्‍हें कारण बताओ नोटिस जारी कर उन्‍हें 24 घंटे के भीतर स्‍पष्‍टीकरण प्रस्‍तुत करने कहा गया है। इसी प्रकार डॉ अनुप तिलगाम द्वारा सर्जरी के दो मरीजों की फिट/अनफिट की रिपोर्ट नहीं दी जा रही है और कहा जा रहा है कि रिपोर्ट डा अंकित राणा और डॉ गीता बोकड़े देंगे। डॉ गीता बोकड़े द्वारा कहा जा रहा है कि फिट/अनफिट की रिपोर्ट डॉ अंकित राणा और डॉ तिलगाम देंगें। फिट/अनफिट की रिपोर्ट नहीं मिलने के कारण दोनों मरीजों की सर्जरी में विलंब हो रहा है। इस पर डॉ अनुप तिलगाम एवं डॉ गीता बोकड़े को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्‍पष्‍टीकरण प्रस्‍तुत करने कहा गया है।