GST सुधार से उर्वरक क्षेत्र को होगा बड़ा फायदा
नोएडा l नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एन.एफ.एल.) ने भारत सरकार द्वारा जीएसटी की दरों में किए गए ऐतिहासिक सुधारों की सराहना की है, जिससे उर्वरक क्षेत्र को अत्यधिक बढ़ावा मिलेगा। जीएसटी के बचत उत्सव के आरम्भ के साथ नाइट्रोजन और एनपीके उर्वरकों के निर्माण के लिए आवश्यक इनपुट जैसे अमोनिया, सल्फ्यूरिक एसिड और नाइट्रिक एसिड पर जीएसटी दर को 18% से घटाकर 5% कर दिया गया है, जबकि सूक्ष्म पोषक तत्वों पर यह दर 12% से घटकर 5% की गई है।
इससे घरेलू उर्वरक उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा क्योंकि उर्वरक कंपनियों के कच्चे माल की लागत में काफी बचत होगी, जिससे समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। साथ ही, इससे किसानों को सस्ती दरों पर उर्वरक उपलब्ध हो सकेंगे।
सूक्ष्म पोषक तत्वों पर जीएसटी में 12% से 5% की यह कटौती पीएम-प्रणाम योजना (पीएम का कार्यक्रम जो धरती की रक्षा, जागरूकता, पोषण एवं सुधार के लिए है) को काफी बढ़ावा देगी। इस योजना का उद्देश्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जैविक विकल्पों को बढ़ावा देकर रासायनिक उर्वरकों के उपयोग को कम करना है। इससे मिट्टी और पौधों के स्वास्थ्य की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करते हुए 'उर्वरकों के संतुलित उपयोग' को बढ़ावा मिलेगा। यह सीधे किसानों और एफपीओ को लाभान्वित करेगा, जो सरकार के प्राकृतिक खेती मिशन के अनुरूप है ।



