महिला एवं बाल विकास मंत्री ने सांवेर क्षेत्र में नव श्रंगारित अनेक उप डाकघरों का लोकार्पण किया
इंदौर l जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला ने सोमवार को इंदौर जिले के सांवेर क्षेत्र में नव श्रंगारित अनेक उप डाकघरों का लोकार्पण किया। इस मौके पर पोस्टमास्टर जनरल इंदौर परिक्षेत्र श्रीमती प्रीति अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रही। जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट ने अपने संबोधन में कहा कि सांवेर क्षेत्र की जनता को बेहतर डाक सुविधा सुनिश्चित करने के लिए उप डाकघरों को नव श्रंगारित एवं सर्वसुविधायुक्त किया गया है। मंत्री सुश्री भूरिया ने सांवेर क्षेत्र की जनता से आह्वान किया कि वे डाकघर की अधिक से अधिक सुविधाओं का लाभ लें।
इस मौके पर पोस्टमास्टर जनरल श्रीमती प्रीति अग्रवाल ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सांवेर तहसील को संपूर्ण सुकन्या तहसील बनाया जाएगा। साथ ही सांवेर तहसील के प्रत्येक घर में कम से कम एक बचत खाता और एक डाक जीवन बीमा का लाभ दिया जाएगा।
कार्यक्रम में ग्यारह बालिकाओं को सुकन्या समृद्धि खाते की पासबुक का वितरण मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा किया गया। साथ में पांच सम्पूर्ण सुकन्या ग्राम की घोषणा करते हुए उनके सरपंच और शाखा डाकपाल का सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के हितग्राही स्वर्गीय कविता बाई की मृत्यु पर उनके नॉमिनी सांवेर निवासी ग्राम हरियाखेड़ी पोस्ट ऑफिस जिंदाखेड़ा श्री विनोद को हितलाभ राशि 2 लाख रुपये प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मंत्रीद्वय श्री सिलावट और सुश्री भूरिया ने सांवेर सहित फतेहाबाद चन्द्रावतीगंज, क्षिप्रा, निपानिया, खुडैल और कनाड़िया उप डाकघरों का लोकार्पण किया।


